देहरादून: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार Uttarakhand में मतदाता सूची को अपडेट करने और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की पूरी जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) विशेष कैंप लगाएंगे। इन कैंपों में प्री-एसआईआर एवं एसआईआर अभियान के तहत ASDD सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा और पात्र मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी।
इसके बाद 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर चिन्हित पात्र लोगों को फॉर्म-6 उपलब्ध कराएंगे और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया में उनकी मदद करेंगे।
Uttarakhand पुरानी और वर्तमान मतदाता सूची का होगा मिलान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का प्री-एसआईआर से पहले की मतदाता सूची से मिलान करेंगे। इस दौरान ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम एसआईआर से पहले की सूची में था, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है।
चिन्हित मतदाताओं के घर जाकर बीएलओ उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे। जो व्यक्ति मतदाता बनने के लिए पात्र पाए जाएंगे, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाने में सहायता की जाएगी।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों के भी भरे जाएंगे फॉर्म-6
अभियान के दौरान नए मतदाताओं को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। बीएलओ घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या मतदाता बनने के पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भी भरे जाएं।
इससे नए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा।
Uttarakhand राजनीतिक दलों के बूथ एजेंट भी होंगे शामिल
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों को भी शामिल किया जाए। बीएलओ द्वारा तैयार की गई सूची को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा किया जाएगा।
अभियान के अंतिम चरण में ईआरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे। इसका उद्देश्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का एक और अवसर देना है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तूदास भी मौजूद रहे।

