Badaun News: बदायूँ में वकीलों ने किया प्रदर्शन, रामपुर में दिन-दहाड़े अधिवक्ता की हत्या से उबाल,
बदायूं। रामपुर जिले में अधिवक्ता फारूक अहमद खान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से अधिवक्ता समाज में रोष व्याप्त है। घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में वकीलों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।बाद में जिलाधिकारी (डीएम) को ज्ञापन देते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।कलक्ट्रेट परिसर में एकत्रित अधिवक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि न्यायालय से जुड़े लोगों पर इस प्रकार का हमला न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती भी है।अधिवक्ताओं का कहना था कि यदि दिन-दहाड़े इस तरह की वारदातें होंगी तो आमजन में भय का माहौल पैदा होगा। न्याय व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

वही बिल्सी तहसील के अधिवक्ताओं ने परिसर में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रेमपाल सिंह को दिया।तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि रामपुर में अधिवक्ता फारूक अहमद खान की सरेआम गोली मारकर हत्या किया जाना कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।उन्होंने कहा कि यदि अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है। दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें फांसी दी जाए।महासचिव ज्ञान सिंह त्यागी ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग उठाई।इस दौरान विवेक राठी,मुकेश कुमार सिंह, रामनाथ शर्मा, रामप्रकाश श्रीवास्तव, श्रीराम, बागीश माहेश्वरी, प्रदीप कुमार आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

