एक रात, चार वारदात: तीन घरों में चोरी के बाद शिव मंदिर का दानपात्र उखाड़ ले गए बेखौफ चोर
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव दासपुर में शुक्रवार रात बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को धता बताते हुए वारदात को अंजाम दिया। भीषण गर्मी के कारण परिजन अपनी छतों पर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने एक ही रात में तीन घरों और गांव के शिव मंदिर को निशाना बनाया।चोरों ने घरों से सोने-चांदी के जेवरा,नकदी और मंदिर का दानपात्र चोरी कर लिया।शनिवार सुबह गांव के बाहर खेतों की ओर अस्त-व्यस्त बिखरा सामान मिलने पर घटना की जानकारी हुई।एक साथ हुई इन चोरियों से पूरे गांव में खलबली मच गई।पीड़ितों ने थाने में संयुक्त तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
छत पर सो रहे थे परिजन, नीचे टूट गए ताले:-गांव दासपुर निवासी रघुनाथ, गजेंद्र और उमेशपाल के परिवार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपनी छतों पर सोने चले गए थे।इसी बीच आधी रात को चोरों ने उनके घरों में धावा बोल दिया।चोरों ने लकड़ी के दरवाजों को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारी व बक्सों के ताले चटका दिए। चोरों ने कीमती सामान पर हाथ साफ किया और और वहां से चंपत हो गए।
शिव मंदिर को भी नहीं बख्शा:-चोरों ने गांव में ही स्थित प्राचीन शिव मंदिर को भी निशाना बनाया और वहां से मंदिर का घंटा और दानपात्र उखाड़ कर ले गए।शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो रास्ते पर उन्हें कपड़े,बैंक की पासबुक और जेवरों के खाली डिब्बे पड़े दिखाई दिए।मौके पर एक पेचकस भी पड़ा मिला, जिससे स्पष्ट अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों ने इसी औजार से ताले तोड़े होंगे।
चोर कीमती माल और नकदी निकालकर बाकी गैर-जरूरी सामान वहीं फेंक कर भाग निकले।शनिवार की सुबह तीनों पीड़ित (रघुनाथ, गजेन्द्र और उमेशपाल) फैज़गंज बेहटा थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को घटना की संयुक्त लिखित तहरीर सौंपी। एक ही रात में इन घटनाओं होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे पुलिस गश्त पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जाँच शुरू कर दी है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

