Uttarakhand Weather News : प्रदेश भर में इस समय मानसून की रफ्तार धीमी हो गई है, लेकिन हल्की बारिश का सिलसिला अभी पूरी तरह थमा नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक उत्तराखंड के कई पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की संभावना कम है।
Uttarakhand Weather News : पर्वतीय जिलों में 24 सितंबर को बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 24 सितंबर को देहरादून, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में जहां-तहां बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा।
Uttarakhand Weather News : 29 सितंबर तक पर्वतीय क्षेत्रों में रहेंगे बादल और बारिश
आने वाले दिनों की बात करें तो 29 सितंबर तक प्रदेश के अधिकतर पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। मानसून की सक्रियता में कमी आने से बारिश की तीव्रता कम हो गई है, लेकिन पर्वतीय इलाकों में बादल और हल्की बौछारें मौसम को ठंडक देती रहेंगी।
Uttarakhand Weather News : गर्मी ने बढ़ाई परेशानी, तापमान में बढ़ोतरी
मानसून की बारिश थमने के बाद मैदानी इलाकों में गर्मी ने फिर से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी देहरादून में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 34.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.6 डिग्री रहा। प्रदेश के अन्य मैदानी इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों को दिन में गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

