Sahaswan News: दहगवाँ में दो एआरपी पर गिरी गाज, जिलाधिकारी के आदेश पर मूल विद्यालयों में वापसी
सहसवान। विकास खण्ड दहगवाँ में बेसिक शिक्षा विभाग ने विभागीय अनुशासनहीनता एवं कार्यों के प्रति लापरवाही के मामलों में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बदायूँ से वार्ता के क्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय के अनुमोदन के उपरांत दहगवा विकासखंड क्षेत्र के एआरपी गणित ललित यादव एवं एआरपी राहुल यादव सामाजिक विषय को उनके पद से पदमुक्त करते हुए मूल विद्यालयों में वापस भेज दिया गया है।
दोनों एआरपी के विरुद्ध लंबे समय से शासकीय स्तर से निर्धारित दायित्वों एवं विभागीय कार्यों में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, विभागीय प्रशिक्षणों में संदर्भदाता के रूप में प्रतिभाग न करने तथा अन्य अध्यापकों से अभद्र व्यवहार करने,साथ ही स्वयं को निरीक्षक अधिकारी समझने संबंधी शिकायतें सामने आ रही थीं। उक्त प्रकरणों की विभागीय स्तर पर जांच एवं समीक्षा की गई।जांच के उपरांत जिलाधिकारी के अनुमोदन से दोनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उन्हें एआरपी पद से हटाते हुए उनके कार्यरत मूल विद्यालयों में वापस भेजने का आदेश संबंधित को उपलब्ध कराया।अब ये दोनों अपने मूल विद्यालय में पूर्व की भांति शिक्षण कार्य करेंगे।
ज्ञात रहे एआरपी की भूमिका विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता संवर्धन, शिक्षकों को अकादमिक सहयोग तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे पदों पर कार्यरत कार्मिकों से निष्ठा, सक्रियता एवं अनुशासन की अपेक्षा की जाती है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

