रामनगरी अयोध्या में आज 7 नवंबर को 10वें दीपोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। दसवें दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ संत-धर्माचार्यों की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव के साथ ही अयोध्या में दीपावली की तैयारियां भी अपने चरम पर हैं।
CM योगी का दो दिन का अयोध्या दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 और 8 नवंबर को अयोध्या में रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के निकट बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों में शामिल होंगे। रविवार को दीपावली के दिन मुख्यमंत्री सुबह 7:50 बजे हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे और सुबह 8:05 बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे संतों और स्थानीय लोगों से दीपावली मिलन करेंगे।
राम राज्याभिषेक और सरयू आरती
शनिवार शाम 3:45 बजे से 5:15 बजे तक रामकथा पार्क में श्रीराम राज्याभिषेक, संतों का सम्मान और अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। दीपोत्सव में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का राजतिलक होगा और मुख्यमंत्री पुष्पवर्षा और दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचकर मां सरयू की आरती करेंगे।
शाम 6 बजे से मुख्य कार्यक्रम, ड्रोन-लेजर शो
शाम 6 बजे से राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें थ्री डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे। अयोध्या में इस बार 31 लाख दीये जलाने की तैयारी है। दीपोत्सव के 10वें संस्करण को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दीपोत्सव के ड्रोन और 3डी शो की पूरी जानकारी यहां पढ़ें
CM योगी बोले- दीपोत्सव का गौरवशाली दशक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि वर्ष 2017 में पुण्यसलिला सरयू के तट पर प्रज्वलित संकल्प की एक लौ ने आज भारत के सांस्कृतिक गौरव को वैश्विक पटल पर नई पहचान और प्रतिष्ठा प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव का गौरवशाली दशक उस ऐतिहासिक संकल्प की सिद्धि का साक्षी है, जिसने अयोध्या को उसकी सांस्कृतिक पहचान और गौरव के साथ पुनः प्रतिष्ठित किया। 31 लाख दीयों वाले दीपोत्सव की तैयारियों पर यह खबर भी पढ़ें

