धवारसी स्थित वेदान्ता ग्लोबल सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में शुक्रवार को दीपावली के पावन पर्व पर एक भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों—कृष्णा सदन, कावेरी सदन, गंगा सदन और यमुना सदन के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों ने प्राकृतिक रंगों, ताजे फूलों और पत्तियों का उपयोग करते हुए बेहद मनमोहक और आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इन कलाकृतियों के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति, सभ्यता और मानवीय मूल्यों का गहरा संदेश समाज को दिया।
कावेरी सदन रहा अव्वल
प्रतियोगिता का परिणाम घोषित करते हुए निर्णायक मंडल ने कावेरी सदन को प्रथम स्थान प्रदान किया। बच्चों की कला और रचनात्मकता की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण शर्मा और समस्त स्टाफ ने विजेता टीम के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों की पीठ थपथपाई।

सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अरुण शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को त्योहार के दौरान पूरी सावधानी बरतने और पर्यावरण के अनुकूल सुरक्षित दीपावली मनाने का विशेष आग्रह किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और शिक्षकगण मौजूद रहे।

