नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि अब भाजपा जब देख रही है कि वह पूरी तरह से दिल्ली में हार रही है तो वह गुंडागर्दी और गाली-गलौज पर उतर आई है और आप कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता और मारपीट की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री Atishi ने एक प्रेस वार्ता कर सभी घटनाओं को साझा किया है। Atishi ने कहा कि जब से रमेश बिधूड़ी भारतीय जनता पार्टी से कालकाजी विधानसभा में चुनाव लड़ रहे हैं, लगातार गुंडागर्दी और दहशत का माहौल भारतीय जनता पार्टी द्वारा कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में बनाया जा रहा है। विधानसभा के हर इलाके में भाजपा के कार्यकर्ता और कई लोग जो कहते हैं कि हम रमेश बिधूड़ी के भतीजे हैं, वो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को डरा रहे हैं, धमका रहे हैं। उनका कॉलर पकड़ रहे हैं। उनका पार्टी प्रचार का सामान छीनकर उसे जला रहे हैं।
Atishi का BJP पर तीखा हमला: “मुझे दूसरी बार घर से निकाला गया, लेकिन सेवा जारी रहेगी!”
Atishi ने कहा कि पिछले एक हफ्ते में हुई ऐसी गुंडागर्दी की घटनाएं आप सभी के साथ साझा करना चाहूंगी। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को गिरी नगर इलाके में आम आदमी पार्टी के वार्ड अध्यक्ष अरुण चौहान और हमारी महिला विंग की टीम के साथ डोर टू डोर कैंपेन कर रहे थे। वहां पर भारतीय जनता पार्टी के राजीव भाटी, जो कहते हैं कि वह बिधूड़ी के भतीजे हैं और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी हैं, उन्होंने भाजपा का पटका भी पहना हुआ था। वह हमारे कार्यकर्ताओं के पास आए, गाली-गलौज किया, उनके हाथों से स्टीकर छीनकर उसे जलाया।
