पढ़ाई के दौरान नजदीक आए, 14 साल बाद प्रेम कहानी का हुआ खौफनाक अंत
किताबों के बीच शुरू हुई दास्तां-ए-मोहब्बत,14 साल बाद एक झटके में बना खूनी खेल
बदायूं।मोहिनी और आशीष प्रताप सिंह दातागंज में पढ़ाई करने के दौरान करीब आए थे।तब आशीष दातागंज में अपने रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई किया करता था।वहीं मोहिनी जीजीआईसी में पढ़ती थी।प्रेम-प्रसंग बढ़ने के बाद दोनों ने जिंदगी भर साथ रहने का वादा कर लव मैरिज कर ली थी।14 साल बाद प्रेम कहानी का दुखद अंत खौफनाक वारदात के रूप में होगा,यह किसी ने सोचा भी नहीं था।जिस चेहरे के प्यार में आशीष पागल हो गया था,अब महज शक के आधार पर उसी चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार करने से उसके हाथ एक बार भी नहीं कांपे।
चारों बच्चाें के सिर से उठा मां का साया:-मोहिनी व आशीष के चार बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा अनुज, बेटियां प्रतिज्ञा और प्रतीक्षा तथा डेढ़ साल का बेटा दिव्यम है। मां मोहिनी की मौत के बाद और पिता के पुलिस हिरासत में जाने के बाद चारों बच्चों से माता-पिता का साया उठ गया।घटना के बाद चारों बच्चों को समझ नहीं आ रहा कि उनके घर रात में क्या हुआ था।महिला का सबसे छोटा बच्चा अपनी बहन की अंगुली पकड़कर एक कोने खड़ा हुआ था, जिसे देखकर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई।
महिला के भाई ने एफआईआर में चार लोगों को किया नामजद:-मृत महिला के भाई कमल गौतम उर्फ आनू की ओर से पुलिस को दी तहरीर में महिला के पति आशीष प्रताप समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। कमल गौतम ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि उनकी बहन मोहिनी को उसके पति आशीष प्रताप सिंह, सास अंगोरी, ससुर दुर्गापाल सिंह और अमरजीत ने मिलकर मंगलवार की रात हत्या कर दी थी।
घर पहुंचकर देखा तो बहू की हो चुकी थी हत्या:-महिला मोहिनी के ससुर दुर्गापाल ने बताया कि वह जब सुबह खेत की रखवाली कर लौटे तो देखा कि बेटे ने बहू की हत्या कर दी है।इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर बेटे आशीष प्रताप को पकड़वाया। बहू मंगलवार शाम चार बजे ही अपने मायके से लौटी थी।मोहिनी के भाई कमल गौतम ने आरोप लगाया कि आशीष शराब का आदी है। मोहिनी अपने चार बच्चों का हवाला देकर शराब पीने के लिए मना किया करती थी।इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता रहता था।कई बार आशीष ने मोहिनी को पीटा भी था।इसके बाद एक बार बातचीत में मोहिनी ने आशीष की ओर से परेशान करने की बात कही थी।इसके बाद दोनों को बैठाकर वार्ता कराई गई थी।आशीष उसकी बहन के चरित्र पर बेवजह शक किया करता था।
मोहिनी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से आरोपी के जुर्म करने की भयावहता आई सामने मोहिनी के शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मोहिनी के शरीर पर पांच गहरे जख्म पाए गए। दोनों हाथ व सिर के पीछे की हड्डियां टूटी मिलीं। इस रिपोर्ट ने आरोपी के जुर्म करने की भयावहता सामने ला दी है।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक,आरोपी ने पहले मोहिनी की जमकर पिटाई लगाई।उसके बाद कुल्हाड़ी से सिर,दोनों हाथ और अन्य हिस्सों पर वार किए।मोहिनी की गर्दन, चेहरे,हाथ सहित कई हिस्सों पर गहरे घाव मिले हैं।कान के पास भी गंभीर चोटें आई है।महिला के शरीर में मल्टीपल चोटों के निशान आए है।आरोपी को सजा दिलाने में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अहम साक्ष्य बनेगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

