कछला चौराहे पर नाले का पानी सड़क पर बहने से दुकानदारों में भारी आक्रोश, धरने की चेतावनी
सहसवान।नगर के बदायूं-मेरठ राज्यमार्ग पर कछला चौराहे से चंद दूरी पर मुख्य सड़क पर नाले का गंदा पानी बहने के कारण अब स्थानीय दुकानदारों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश पनप रहा है।लंबे समय से बनी इस समस्या का कोई समाधान न होने से व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।सड़क किनारे बने नाले की सफाई न होने से गंदा और बदबूदार पानी आसपास की दुकानों के सामने जमा हो गया है।दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहकों को दुकानों पर आने के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ता है। दुकानों के ठीक सामने गंदा पानी जमा रहने से दिनभर बदबू आती है,जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।सड़क पर जल-भराव के कारण वहां गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए आए दिन दुर्घटनाओं का डर बना रहता है।सड़क पर पानी भरा होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते,जिससे दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने कछला चौराहे से जलभराव की समस्या को जल्द दूर नहीं किया और नाले की मुकम्मल सफाई नहीं कराई, तो वे प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
