सहसवान में बड़ी वारदात: बैनामे के 3 लाख रुपये और बाइक लूटी, महिला को बंधक बनाकर दी जान से मारने की धमकी, पति लापता
सहसवान (बदायूं) जनपद के कोतवाली सहसवान क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जकूपुर में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने दिन-दहाड़े एक दंपती को रोककर मारपीट की और जमीन बेचकर आ रहे ₹3,00,000 रूपये की नकदी व मोटरसाइकिल,मोबाइल लूट लिया। घटना दिनांक 17 अक्टूबर की है।पीड़िता ने कोतवाली में दबंगों के खिलाफ शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।घटना के बाद से ही महिला का पति दबंगों के खौफ से गाँव से लापता है,जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
दिन-दहाड़े घेराबंदी कर वारदात को दिया अंजाम:-पीड़िता सोमवती पत्नी वीरपाल निवासी ग्राम जकूपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति वीरपाल ने अपनी पैतृक भूमि गांव के ही राजेश नाम के व्यक्ति को तीन लाख रुपये में बेची थी।शनिवार को बैनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवती और उसके पति वीरपाल मोटरसाइकिल से अपने गांव वापस लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गांव के ही दबंग सतीश, पिंटू (पुत्रगण सत्यपाल) और अजीत (पुत्र सतीश) ने एकराय होकर उनकी बाइक को रोक लिया।
मारपीट कर नकदी व बाइक छीनी, पैदल घर पहुंची पीड़िता:-पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी कारण के उन दोनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।दबंगों ने वीरपाल के पास रखे बैनामे के ₹3,00,000 नकदी छीन ली। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपी उनकी मोटरसाइकिल भी जबरन छीन ले गए और अपने घर पर खड़ी कर ली।हमले और दबंगों के खौफ से घबराकर पीड़िता का पति वीरपाल मौके से जान बचाकर कहीं भाग गया।असहाय सोमवती को पैदल चलकर रोते-बिलखते अपने घर वापस आना पड़ा।
महिला को घर में किया कैद, दी जा रही है एलानिया धमकी:-पीड़िता ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि घटना के अगले ही दिन यानी 18 अक्टूबर से ही इन दबंगों ने उसे घर के अंदर बंधक जैसी स्थिति में रख छोड़ा है। उसे घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है। आरोपियों ने एलानिया धमकी दी है कि यदि वह घर से बाहर निकली या पुलिस के पास शिकायत लेकर गई, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
पति की हत्या की आशंका, गांव में दहशत का माहौल:-घटना को बीते दो दिन से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन पीड़ित महिला के पति वीरपाल का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सोमवती ने अंदेशा जताया है कि दबंग सतीश,पिंटू और अजीत उसके पति को अगवा कर कहीं उसकी हत्या न कर दें। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, आरोपी सतीश बेहद शातिर किस्म का है। वह गांव की दो महिलाओं को अपने प्रभाव में रखता है और उन्हें आगे कर गरीबों पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाता है। उसका क्षेत्र में इतना खौफ है कि वह ग्रामीणों की जमीनों पर अवैध नीयत रखता है और धमकी देता है कि गांव में बिना उसके हिस्सा दिए कोई जमीन नहीं बेच सकता।
पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग:-पीड़िता सोमवती ने सहसवान कोतवाली पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी सतीश,पिंटू और अजीत के खिलाफ लूटपाट, मारपीट,बंधक बनाने और पति की गुमशुदगी जैसी गंभीर धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी व पति की जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
