मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इनमें सड़क और पुलों के सुधार, मंदिरों और मेला मैदानों के सौंदर्यीकरण, हेलीपैड निर्माण, सिंचाई गूल और सुरक्षा कार्यों से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। मंजूरी रविवार को जारी की गई और इससे चंपावत, देहरादून, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी समेत कई जिलों को लाभ मिलेगा।
सड़कों के लिए करोड़ों की मंजूरी
सड़क और नागरिक सुविधाओं के तहत चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला में मुख्य सड़कों पर CC टाइल्स और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए ₹55.16 लाख मंजूर किए गए हैं। देहरादून जिले के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में वार्ड नंबर 9 (आर्यनगर) में आंतरिक सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए ₹56.76 लाख दिए गए हैं। ऊधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बजावाला होते हुए रामपुरकाजी तक सड़क को मजबूत करने के लिए ₹242.38 लाख और किच्छा क्षेत्र में गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय परिसर की सड़कों की मरम्मत के लिए ₹422.11 लाख की मंजूरी दी गई है।
हरिद्वार और देहरादून को भी मिली सौगात
हरिद्वार जिले के पीरान कलियर क्षेत्र में CC और इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए ₹249.32 लाख मंजूर किए गए हैं, जिसमें ₹161.20 लाख की पहली किस्त जारी कर दी गई है। देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला तक सड़क बनाने के लिए ₹98.75 लाख दिए गए हैं, जिसमें ₹59.25 लाख पहली किस्त के रूप में जारी हुए हैं। पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में डांगोली-दारिमखेत-हरवाड़-बालिघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पाखू-थल-सतसिलिंग मोटर मार्ग को श्रेणी-बी से श्रेणी-ए में बदलने के लिए ₹111.92 लाख की मंजूरी मिली है।
मंदिरों के सौंदर्यीकरण को मंजूरी
धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के तहत पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में रसाईपाटा स्थित प्राचीन भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹59.57 लाख मंजूर किए गए हैं। रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सिल्ला बामण गांव के सनेश्वर मंदिर, सिद्धपीठ आशुतोष महादेव, फलासी के तुंगेश्वर महादेव मंदिर और महाड़गांव के महाड़ महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹49.94 लाख दिए गए हैं।
हेलीपैड और सिंचाई गूल के काम
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र के मोरी ब्लॉक में फिताड़ी गांव में हेलीपैड बनाने के लिए ₹107.98 लाख की मंजूरी दी है। देहरादून के धर्मपुर क्षेत्र में कारगी चौक पर जाट भवन के निर्माण के लिए शेष ₹125 लाख दिए गए हैं। चंपावत जिले के टकुला ब्लॉक में मांच-लेथी-बमांगांव-तरकुली-अवांडा से भेसड़गांव-चौरा-फल्याटी-बनौड़ा तक सिंचाई गूल बनाने के लिए ₹95.01 लाख मंजूर किए गए हैं, जिसमें ₹57 लाख की पहली किस्त जारी की गई है।
धामी कैबिनेट के फैसलों पर पढ़ें: धामी कैबिनेट के 23 फैसले, आशा मानदेय ₹10,000। आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रम पर पढ़ें: उत्तराखंड आपदा प्रबंधन दिवस पर 13 जिलों में मेगा मॉक ड्रिल।

