UP News-बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली में एक प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हुआ. 33 वर्षीय जितेंद्र कुमार यादव की शादी महज दो महीने पहले उनकी 9 साल पुरानी प्रेमिका ज्योति से हुई थी. जितेंद्र का शव शहर के इज्जतनगर इलाके में एक किराए के मकान में फंदे से लटका मिला. पहले इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया. रिपोर्ट में मौत का कारण ‘गला घोंटना’ बताया गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि ज्योति ने अपने पिता, मां और भाई के साथ मिलकर जितेंद्र की हत्या की थी. ससुराल वालों ने जितेंद्र के हाथ-पैर पकड़े और ज्योति ने उसका गला घोंट दिया. इसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को मफलर के सहारे खिड़की की ग्रिल से लटका दिया गया.
क्या था विवाद?
जितेंद्र और ज्योति जब पढ़ते थे, तब से ही रिलेशनशिप में थे. 25 नवंबर 2025 को दोनों ने परिवार की सहमति से शादी की थी. विवाद तब शुरू हुआ जब जितेंद्र ने कथित तौर पर ज्योति के बैंक खाते से 20,000 रुपये निकाल लिए और वो ऑनलाइन जुए में हार गया. 26 जनवरी को इसी बात पर झगड़ा इतना बढ़ा कि ज्योति ने अपने मायके वालों को बुला लिया और सबने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ज्योति के भाई की तलाश जारी है.
जितेंद्र बरेली में इंडियन वेटरनरी रिसर्च इंस्टिट्यूट (प्टत्प्) में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर के तौर पर काम करता था. ज्योति उत्तर प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पाेरेशन में कॉन्ट्रैक्ट पर बस कंडक्टर के तौर पर काम करती थी.
ज्योति ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया. उसने पूछताछ में बताया कि शादी के बाद पैसों को लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे, जिसकी वजह से उनके बीच कड़वाहट और बढ़ गई थी. उसने दावा किया कि उस दिन बहस काबू से बाहर हो गई, जिसकी वजह से उसने अपने परिवार को फोन करके बुलाया.

