बदायूं में सनसनीखेज वारदात: पहले स्कूल से छात्र को उठाया, फिर जंगल में ले जाकर किया प्रताड़ित
पिस्टल तानकर लगवाईं दंड-बैठक; सोशल मीडिया पर हुई वीडियो वायरल
बदायूं।उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के इंदिरा चौक के रहने वाले एक युवक का दूसरे समुदाय के दबंगों द्वारा अपहरण करने और उसे जंगल में ले जाकर जान से मारने की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।इस पूरी हैवानियत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जिसने इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
स्कूल से उठाकर जंगल ले गए दबंग:-पीड़ित युवक की पहचान अंश के रूप में हुई है, जो इंदिरा चौक का निवासी है।परिजनों का आरोप है कि अंश को दूसरे समुदाय के कुछ दबंग युवक उसके स्कूल से जबरन उठाकर (अपहरण कर) ले गए।दबंग उसे एक सुनसान जंगल में ले गए, जहां उन्होंने अंश को बंधक बना लिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

पिस्टल तानकर लगवाईं दंड-बैठक, कुएं में फेंकने का प्रयास:-सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें दबंगों की गुंडागर्दी साफ देखी जा सकती है। आरोपी युवक अंश पर सीधे पिस्टल ताने हुए खड़े हैं और उसे भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे हैं।खौफ के साए में जी रहे अंश से दबंगों ने जबरन दंड-बैठक लगवाई और उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।परिजनों का यह भी आरोप है कि दबंगों ने अंश को जान से मारने की नीयत से एक गहरे कुएं में फेंकने की भी कोशिश की।

पिता ने दी तहरीर, कार्रवाई की मांग:-घटना के बाद पीड़ित परिवार बुरी तरह सहमा हुआ है।अंश के पिता ने बदायूं के सिविल लाइंस थाने में आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस भी मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।सांप्रदायिक एंगल और खुलेआम असलहा लहराने के इस मामले ने स्थानीय कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी


