Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड के पिथौरागढ़, मुनस्यारी और धारचूला क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह जहां चटक धूप खिली थी, वहीं दोपहर होते-होते आसमान बादलों से घिर गया। हिमनगरी मुनस्यारी में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बादल छाए हुए हैं, जिससे सर्दी फिर से लौट आई है।
Uttarakhand Weather Update : हिमपात से ढकी चोटियां, बर्फबारी का सिलसिला जारी
मुनस्यारी के आसपास की चोटियों—राजरंभा, पंचाचूली और हंसलिंग में हिमपात शुरू हो गया है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों—व्यास, दारमा और जोहार की ऊंची चोटियों से भी बर्फबारी की खबरें मिल रही हैं। दोपहर बाद जिले भर में बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया। धूप-छांव का दौर दिनभर चलता रहा।
Uttarakhand Weather Update : लिपुलेख मार्ग खुला, लोगों को मिली राहत
मार्च की शुरुआत में हुए भारी हिमपात के कारण चीन सीमा की ओर जाने वाला तवाघाट-लिपुलेख मार्ग बंद हो गया था। अब यह मार्ग गुंजी तक खोल दिया गया है, जिससे उच्च हिमालय में रहने वाले लोगों को राहत मिली है। हालांकि, ताजा हिमपात के कारण फिर से मार्ग के सुचारू रूप से संचालित रहने को लेकर संशय बना हुआ है। धारचूला से गुंजी की ओर भेजे गए वाहन जल्द वहां पहुंच सकते हैं।
Uttarakhand Weather Update : आदि कैलास मार्ग पर बर्फ की दीवार, संपर्क बाधित
धारचूला क्षेत्र में गुंजी से आदि कैलास की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह से बर्फ से ढका हुआ है। कुटी गांव तक संपर्क टूट गया है। बीआरओ द्वारा येकंग नामक स्थान पर दोनों तरफ से लोडर मशीन से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। यहां लगभग 20 फीट बर्फ जमा है, जो ग्लेशियरों से खिसककर पहुंची है। कुटी तक मार्ग खोलना बड़ी चुनौती बन गया है, लेकिन प्रयास लगातार जारी हैं।

