देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाला दायित्व युवाओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर होता है।
छात्रहित के साथ राष्ट्रहित में काम करने का आह्वान
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थी परिषद की संगठनात्मक भूमिका और उसके कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि ABVP लंबे समय से छात्र हित, राष्ट्र हित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर काम करता रहा है। संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन की मूल भावना और उद्देश्यों के अनुरूप छात्र-छात्राओं के हित में निरंतर काम करने का आह्वान किया।
छात्रों से संवाद बनाए रखने की सलाह
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और प्रतिबद्धता से होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और कहा कि उन्हें छात्र-छात्राओं से लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर सकारात्मक भूमिका निभाना ही एक जिम्मेदार छात्र प्रतिनिधि की पहचान है।
युवाओं को ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का मंत्र
CM पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का समय तेजी से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीक, डिजिटल माध्यम, रोजगार के नए अवसर और वैश्विक बदलाव युवाओं के सामने नई संभावनाएं और चुनौतियां लेकर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए खुद को लगातार अपडेट रखना जरूरी है। युवा जितना अधिक नई तकनीक और बदलते समय के अनुरूप अपनी क्षमताओं को विकसित करेंगे, उतना ही उनका व्यक्तिगत विकास होगा और उनकी प्रतिभा का लाभ संगठन व समाज को भी मिलेगा।
छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ सामाजिक गतिविधियां भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने तक सीमित नहीं है। यह समय नेतृत्व, संवाद, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ABVP के नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपने व्यवहार और कार्यों से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।
छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान ABVP के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान छात्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए छात्र-छात्राओं के हित में समर्पित भाव से कार्य करने की अपेक्षा जताई।

