देहरादून: उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पाद अब देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल और महिलाओं की मेहनत से तैयार अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ (House of Himalayas) ने अपनी शुरुआत के बाद से अब तक करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान तब मिली, जब दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इसका विमोचन किया था। प्रधानमंत्री ने इस पहल को ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ अभियान को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया था।
83 उत्पादों को मिला एक मंच
House of Himalayas के तहत उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, गुणवत्ता और एकीकृत ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारा जा रहा है। वर्तमान में इस ब्रांड से 83 उत्पाद जुड़े हैं, जिनमें 60 विशिष्ट उत्पाद शामिल हैं।
इन उत्पादों में पहाड़ी दालें, मोटे अनाज (मिलेट्स), मसाले, शहद, तेल-घी, हर्बल उत्पाद, पर्सनल केयर आइटम, बेकरी उत्पाद और हस्तशिल्प जैसी कई श्रेणियां शामिल हैं। इससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार मिल रहा है।
5,500 महिलाओं को मिला रोजगार और आय का साधन
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की सबसे बड़ी खासियत इसका महिला-केंद्रित आजीविका मॉडल है। राज्य के 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) से जुड़ी करीब 5,500 महिलाएं इस पहल से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार मिलने से महिलाओं की आय बढ़ रही है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। यह मॉडल आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ई-कॉमर्स और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी पहुंच
अब ‘House of Himalayas’ के उत्पाद केवल स्थानीय दुकानों तक सीमित नहीं हैं। उपभोक्ता इन उत्पादों को Amazon, Flipkart, Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket जैसे प्रमुख ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खरीद सकते हैं।
इसके अलावा ब्रांड की अपनी D2C वेबसाइट के माध्यम से भी देशभर में सीधे खरीदारी की सुविधा उपलब्ध है। खास बात यह है कि Amazon Global के जरिए अमेरिका और कनाडा जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी उत्तराखंड के उत्पाद पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन के अनुरूप इस ब्रांड के माध्यम से प्रदेश की मातृशक्ति, किसान और ग्रामीण उद्यमियों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के गांवों में तैयार उत्पादों को दुनिया के बाजार तक पहुंचाना और महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उत्पादकों की आय को मजबूत करना है।

