मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल, पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल अमित कुमार घायल,
बदायूं के इस्लामनगर इलाके में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटा गया माल, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16/17 मई 2026 की रात ग्राम सुंदरनगर में लूट हुई थी।अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थी। बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश ग्राम कंधरपुर स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्टे के पास हैं।पुलिस टीम ने घेराबंदी की।खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई,जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल अमित कुमार भी घायल हुए।घायल पुलिसकर्मी और बदमाशों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये बदमाश हुए गिरफ्तार:-पुलिस ने मौके से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नदीम उर्फ शाकिर,आस मोहम्मद और सद्दू के रूप में हुई है। ये सभी सिरौली, बरेली के निवासी हैं। नदीम उर्फ शाकिर और आस मोहम्मद के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक जोड़ी सफेद धातु की पाजेब,दो ओम लॉकेट,एक पीली धातु की अंगूठी, सात हजार रुपये नकद और एक टॉर्च बरामद की है, साथ ही दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी मिले हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी:-पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।उन्होंने संभावना जताई कि गिरोह के अन्य सदस्य भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

