भीषण गर्मी में बिजली कटौती से फूट रहा लोगों का गुस्सा, शहर में सभासदों ने दिया ज्ञापन
बदायूं जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। दिन-रात हो रही अघोषित कटौती के विरोध में नगर पालिका परिषद के सभासदों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन दिया।शहर की बिगड़ी बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
सभासदों ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। गर्मी के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि बिजली निगम के अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार कराया जाए।साथ ही ट्रिपिंग और अघोषित कटौती पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद मोहित सक्सेना,लियाकत अली,सभासद पति रफीउद्दीन,प्रेमलता सिंह,मनोज कश्यप,अनवर खान,श्याम पाल सिंह,उमाशंकर आदि मौजूद रहे।
फीडर पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:-कादरचौक कस्बा स्थित उपकेंद्र की बची झझराऊ का फीडर ओवरलोड होने के कारण दिन और रात में ट्रिपिंग होता रहता है।ग्रामीण और कृषि फीडर ओवरलोड होने के कारण मात्र 10 घंटा भी नहीं चल रहे हैं।मुहम्मद गंज , बेहटा डंवरनगर,धनूपुरा,भोजपुर, बची, सहित दर्जन भर गांव के लोग परेशान हैं।फसलें सूखने लगी हैं।इसको लेकर ग्रामीणों नें बृहस्पतिवार को फीडर पर पहुंचकर बिजली के लिए प्रदर्शन कर सुधार की मांग की।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

