लापरवाही ने ले ली प्रसूता की जान, निजी अस्पताल की ओटी सील
बदायूं।जिला महिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में लापरवाही से एक प्रसूता की जान चली गई।जिला महिला अस्पताल से शनिवार सुबह यह कहकर डिस्चार्ज कर दिया गया कि प्रसव में समय लगेगा।परिजन उसे घर ले गए, मगर कुछ ही समय बाद पीड़ा बढ़ने पर निजी अस्पताल लाना पड़ा।आते-आते हालत इतनी खराब हो गई कि निजी अस्पताल भी बदलना पड़ा।वहां रक्तस्राव न रुकने से महिला की मौत हो गई।फिलहाल, निजी अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर (ओटी) सील करके विभाग ने पल्ला झाड़ लिया है।
जान गंवाने वाली सूरजमुखी बिल्सी क्षेत्र के गांव सिरातौल निवासी अशोक की पत्नी थीं। परिजन के मुताबिक, वे सूरजमुखी को शनिवार सुबह ही जिला अस्पताल ले गए थे।वहां कुछ देर ही रहने के बाद घर लौटा दिया गया था।दोपहर को सूरजमुखी को लेकर फिर शहर आना पड़ा।इस बार वे जिला अस्पताल के हालात समझकर वहां गए ही नहीं,एक निजी अस्पताल ले गए।वहां भर्ती होने के बाद डॉक्टर ने प्रसूता की हालत गंभीर बताकर हाथ खड़े कर दिए और कहीं अन्यत्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार बिल्सी रोड स्थित एक अन्य निजी अस्पताल पहुंचे, जहां प्रसव कराया गया। प्रसूता ने बच्ची को जन्म दिया।रविवार सुबह अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।अस्पताल का स्टाफ रक्तस्राव नियंत्रित नहीं कर सका।
हालत बिगड़ने पर बरेली रेफर करने की बात कही। इस दौरान प्रसूता की मौत हो गई।महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। हालांकि बाद में कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और समझौते के बाद शव गांव भेज दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने डॉ.नवनीत कुमार सिंह, डॉ. कौशल गुप्ता और बाबू पारस की तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए भेजी।टीम ने अस्पताल की ऑपरेशन थियेटर (ओटी) सील कर दी। सीएमओ डॉ.मोहन झा ने बताया कि ओटी को सील कर दिया गया है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

