Moradabad News : मुरादाबाद: सिविल लाइन स्थित 9वीं वाहिनी पीएसी (PAC) परिसर में गुरुवार को होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) की लंबी दौड़ (लॉन्ग रेस) में तीन अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दौड़ते समय दो युवा बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े, जबकि एक अन्य अभ्यर्थी घायल हो गया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने आनन-फानन में तीनों अभ्यर्थियों को संभाला और बिना देरी किए उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अचानक अभ्यर्थियों के गिरने से दौड़ में शामिल अन्य युवाओं के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
सुचारू रूप से जारी रही भर्ती प्रक्रिया इन दिनों 9वीं वाहिनी पीएसी मैदान में होमगार्ड भर्ती के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं। गुरुवार को भी युवा तय दूरी पूरी करने के लिए पूरी ताकत से दौड़ लगा रहे थे, तभी यह घटना हुई। अधिकारियों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लेकर भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से जारी रखा। अस्पताल में तीनों अभ्यर्थियों का इलाज चल रहा है, हालांकि अभी तक उनकी आधिकारिक पहचान उजागर नहीं की गई है।

