बुखार पीड़ित किसान की मौत पर परिजनों का हंगामा, संभल मार्ग पर लगाया जाम
संवाददाता समर इंडिया
Amroh/सैद नगली में बुखार के चलते सैद नगली स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराए गए जनपद संभल के नखासा थाना क्षेत्र के गांव विशनपुर निवासी 35 वर्षीय किसान नेतराम पुत्र ओमप्रकाश की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए देर रात क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया और संभल मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी क्लीनिक को सील कर दिया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Amroha :धू-धू कर जली कार, कार चालक शाहजेव ने कूदकर बचाई जान, कार सम्भल दिशा से गजरौला की आ रही थी
ड्रिप चढ़ाने के दौरान बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, नेतराम को पिछले कुछ दिनों से बुखार की शिकायत थी। बुधवार दोपहर बाद उसे सैद नगली के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि चिकित्सक ने बुखार के दौरान उसे ड्रिप लगा दी, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई और मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों ने रात करीब 11:00 बजे क्लीनिक के बाहर संभल मार्ग पर धरना देकर यातायात ठप कर दिया।
एक घंटे तक ठप रहा यातायात

मार्ग जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को करीब एक घंटे तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर अड़े रहे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी क्लीनिक को सील किया, तब जाकर परिजन शांत हुए।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक नेतराम खेती-किसानी करके अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटियां और एक बेटा है। नेतराम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
”निजी क्लीनिक में किसान की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा व जाम किया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी क्लीनिक संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
— पंकज कुमार त्यागी, सीओ

