हरिद्वार । हरिद्वार के श्यामपुर रेंज में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने गए 60 वर्षीय किसान को एक आक्रामक हाथी ने सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटका और सिर कुचलकर जान ले ली। जिस हाथी ने किसान की जान ली, उसने महज तीन दिन पहले एक थार गाड़ी को भी पलटने का प्रयास किया था।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और हाईवे जाम करने की कोशिश की। सजनपुर बाहर पीली निवासी सतपाल (60 वर्ष) पुत्र भगवाना, पिछले 20 वर्षों से ठेके पर खेत लेकर धान की खेती कर रहे थे। गुरुवार शाम वह बाहर पीली स्थित कुंडी कोटेश्वर मंदिर के सामने खेत में पशुओं के लिए घास काट रहे थे।
इसी दौरान जंगल से निकलकर हाईवे की तरफ से आए एक हाथी ने उन पर पीछे से अचानक हमला कर दिया। श्यामपुर रेंजर विवेक जोशी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल को अस्पताल भिजवाया गया।। मृतक सतपाल को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

