संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, घर में मिला शव,मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव जुल्हेपुरा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत आठ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुरालीजन काले रंग का भी ताना देकर बदसूरत बोलते थे।पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
बरेली जिला के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव सेंदी गांव निवासी प्रदीप ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन कमला (26 वर्ष) की शादी 2020 में वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव जुल्हेपुरा निवासी लेखराज उर्फ भूरे के साथ की थी। शादी में काफी दान-दहेज भी दिए लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे।वे उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहते थे।सोमवार की रात करीब 10 बजे उनके पास उसकी बहन ने कॉल किया।बताया कि दहेज के लिए उसके ससुराल वालों ने उसे बहुत पीटा है।सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। सुबह वे लोग पहुंचे तो बहन का शव घर में पड़ा हुआ था,ससुराल वाले भाग गए थे।सूचना पर पुलिस पहुंची।पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतका के चाचा ने दी तहरीर:-मायके पक्ष से मृतका के चाचा की ओर से पुलिस को दहेज हत्या के आरोप में तहरीर दे दी गई है। तहरीर में पति लेखराज उर्फ भूरे, देवर विनोद, देवेंद्र,दुर्गेश,ननद सरोज, प्रियंका,ससुर सूरजपाल और सास कांता पर दहेज हत्या का आरोप है।
मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि मृतका कमला अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

