दातागंज में पति चलाता रहा बाइक, रास्ते में गिर गई पत्नी, ससुराल पहुंचा तो खाली सीट देख उड़ गए होश
बदायूं के दातागंज क्षेत्र में पति के साथ मायके जा रही विवाहिता रास्ते में बाइक से गिर गई और उसके पति को पता ही नहीं लगा। जब वह अपनी ससुराल पहुंचा तो बाइक पर पीछे पत्नी को न देख उसके होश उड़ गए।ससुराल वालों के साथ वह रास्ते में पत्नी को ढूंढने निकला,तब तक पुलिस ने घायल विवाहिता को अस्पताल पहुंचा दिया।जानकारी मिलने पर पति और मायके वाले अस्पताल पहुंचे।वहां विवाहिता की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने उसे बदायूं रेफर कर दिया।वहीं विवाहिता के जान-बूझकर बाइक से कूद जाने की भी चर्चा में है।
दातागंज थाना क्षेत्र के गांव गनगोला निवासी ओमपाल की पुत्री शिवानी (21 वर्ष) का विवाह इसी थाना क्षेत्र के गांव कैलियाई निवासी अखिलेश के साथ हुआ था।शादी को मात्र दो वर्ष ही हुए हैं। पत्नी के कहने पर वह उसे उसके मायके बाइक से ले जा रहा था। रास्ते में शिवानी बाइक से गिर गई।पति को पता ही नहीं लगा। वह जब अपनी ससुराल पहुंचा तो उसने बाइक की सीट पर पत्नी को नहीं पाया।उसके ससुराल वाले भी हैरत में पड़ गए।कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि कहीं रास्ते में कूद तो नहीं गई।


