सराहनीय कार्य: टेंपो में छूटा युवक का बैग, यातायात पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से खोजा
बदायूं में यातायात पुलिस की सक्रियता से एक यात्री का खोया हुआ बैग बरामद हो गया।बैग में 61,300 रुपये नकद, सोने की अंगूठी,मोबाइल फोन, हाथ घड़ी समेत अन्य सामान रखा था।सामान वापस मिलने पर ओमकार ने यातायात पुलिस का आभार जताया।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव सोई निवासी ओमकार ने टीएसआई ललित कुमार को बताया कि 15 मई को गांव से बदायूं आए थे।इंद्रा चौक के पास उतरते वक्त उनका बैग टेंपो में ही छूट गया।बैग में कीमती सामान रखा था।मामले की जानकारी क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश उपाध्याय को दी गई।उनके निर्देशन में यातायात कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।फुटेज के आधार पर टेंपो नंबर यूपी 24 सीटी 0147 की पहचान की गई।चालान एप के जरिए वाहन चालक मनोज कुमार का पता मिला।
टीएसआई ललित कुमार ने चालक से संपर्क किया तो उसने बताया कि एक यात्री का बैग टेंपो में छूट गया था। इसके बाद चालक को बैग समेत यातायात कार्यालय बुलाया गया।ओमकार और उनकी पत्नी शकुन्तला देवी के सामने बैग खुलवाया गया, जिसमें रखे सभी सामान सुरक्षित मिले।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

