चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत 30 अप्रैल से हो रही है, जब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। इस पावन यात्रा में भाग लेने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इस वर्ष बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार और परिवहन विभाग ने साफ किया है कि इस बार यात्रा के दौरान बसों और टैक्सियों के किराये में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी, जबकि ट्रांसपोर्ट कंपनियों ने किराया बढ़ाने की मांग की थी।
Chardham Yatra : बस कंपनियों की मांग और विभाग का जवाब
संयुक्त रोटेशन के अंतर्गत चारधाम यात्रा संचालित करने वाली बस कंपनियों ने जल, बीमा राशि और अन्य खर्चों में वृद्धि का हवाला देते हुए किराए में 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की मांग की थी। हालांकि, परिवहन विभाग ने इन मांगों को खारिज कर दिया है। विभाग का कहना है कि वर्ष 2022 में ही राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) द्वारा सभी जरूरी पहलुओं को ध्यान में रखकर किराया निर्धारित किया गया था और वर्तमान में इसमें संशोधन की कोई आवश्यकता नहीं है।
Chardham Yatra : 2022 की व्यवस्था बनी रहेगी लागू
परिवहन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्ष 2022 में पहली बार चारधाम यात्रा के लिए संचालित वाहनों का किराया अलग से निर्धारित किया गया था, जो सामान्य व्यावसायिक वाहनों से अलग माना गया था। यह किराया वाहन की श्रेणी के अनुसार तय किया गया था। इसी व्यवस्था को इस वर्ष भी लागू रखा जाएगा और विभाग ने शासन को इसी के अनुरूप रिपोर्ट सौंपी है। इससे यात्रियों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी और यात्रा पहले की तरह सुगम बनी रहेगी।
रिपोर्ट में टैक्सी की कीमत के हिसाब से उसकी श्रेणी तय की गई है।
आठ लाख रुपये तक कीमत की टैक्सी को साधारण श्रेणी में रखा गया है।
आठ से 15 लाख तक कीमत वाली टैक्सी को डीलक्स श्रेणी में रखा गया है।
15 से 25 लाख रुपये तक की टैक्सी को लग्जरी श्रेणी में रखा गया है।
जबकि 25 लाख रुपये से अधिक कीमत की टैक्सी को सुपर लग्जरी श्रेणी में रखा गया है।
श्रेणी के अनुसार इनका किराया व प्रतीक्षा शुल्क भी निर्धारित किया गया है।
परिवहन विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह अधिकृत एवं पंजीकृत ट्रेवलिंग एजेंसी या एजेंट से ही बुकिंग कराएं।
सभी यात्री वाहनों में किराया सूची चस्पा की जाएगी।
सीट, श्रेणी, किराया, प्रतीक्षा शुल्क
20 सीटर, सभी श्रेणी, 70 रुपये, कोई नहीं
21 से 30 सीट, साधारण, 63 रुपये, 3500 रुपये
21 से 30 सीट, डीलक्स, 76 रुपये, 5000 रुपये
21 से 30 सीट, एसी, 89 रुपये, 5500 रुपये
31 से 45 सीट, साधारण, 76 रुपये, 5000 रुपये
31 से 45 सीट, डीलक्स, 83 रुपये, 6000 रुपये
31 से 45 सीट, एसी, 95 रुपये, 7000 रुपये
(नोट: किराया प्रति किमी के हिसाब से है, जबकि प्रतीक्षा शुल्क प्रतिदिन के हिसाब से है।)
टैक्सी का किराया
श्रेणी, मार्ग, नान एसी, एसी
साधारण, मैदानी, 16 रुपये, 18 रुपये
साधारण, पर्वतीय, 18 रुपये, 20 रुपये
डीलक्स, मैदानी, 20 रुपये, 22 रुपये
डीलक्स, पर्वतीय, 22 रुपये, 25 रुपये
लग्जरी व सुपर लग्जरी टैक्सी
श्रेणी, मार्ग, किराया
लग्जरी, मैदानी, 25 रुपये
लग्जरी, पर्वतीय, 27 रुपये
सुपर लग्जरी, मैदानी, 35 रुपये
सुपर लग्जरी, पर्वतीय, 40 रुपये
(नोट : किराया प्रति किमी के हिसाब से है।)
टैक्सी का प्रतीक्षा शुल्क
साधारण: पहले दो घंटे तक 50 रुपये, और इससे ऊपर 50 रुपये प्रति घंटा।
डीलक्स: पहले दो घंटे तक 75 रुपये और इससे ऊपर 100 रुपये प्रति घंटा।
लग्जरी: पहले दो घंटे तक 100 रुपये और इससे ऊपर 150 रुपये प्रति घंटा।
सुपर लग्जरी: पहले दो घंटे तक 125 और इससे ऊपर 200 रुपये प्रति घंटा।
टैक्सी के लिए न्यूनतम किमी भी तय
परिवहन विभाग ने टैक्सी का न्यूनतम किराया किमी के हिसाब से तय कर दिया है। इसमें 80 किमी से कम संचालन होने पर 80 किमी का किराया देना होगा, जबकि 80 किमी से ऊपर संचालन होने पर प्रति किमी के हिसाब से किराया लगेगा। आठ घंटे तक कोई प्रतीक्षा शुल्क नहीं वसूला जाएगा। एक दिन में 200 किमी से अधिक संचालन पर कोई भी प्रतीक्षा शुल्क नहीं लगेगा।

