Budaun News: 50 हजार के इनामी अभय से पुलिस की मुठभेड़, आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली,एक सिपाही घायल
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को हुई दो अधिकारियों की हत्या के मामले में भागे चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू व उसके सगे भाई शिवम प्रताप सिंह को एसओजी व पुलिस टीम ने सोमवार देर रात फिरोजाबाद जिले से गिरफ्तार कर लिया।

सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस टीम ने 13/14 अप्रैल की रात जिला फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र से अभय प्रताप सिंह और उसके भाई शिवम प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को पूछताछ के लिए थाना मूसाझाग लाया गया, जहां विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान अभय ने अवैध असलहों के बारे में जानकारी दी।
प्रभारी निरीक्षक मूसाझाग पुलिस टीम के साथ आरोपी अभय को उसकी निशानदेही पर असलहा बरामद कराने के लिए ग्राम सैजनी के पास ले गए। इसी दौरान आरोपी अभय ने छिपाया गया तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया,जिससे आरक्षी प्रशांत कुमार घायल हो गया।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की,जिसमें आरोपी अभय के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी अभय प्रताप सिंह और सिपाही प्रशांत कुमार को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। बाद में पुलिस ने आरोपी अभय और शिवम को कोर्ट में पेश किया,जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

