Budaun News: बदायूं में अधिवक्ताओं के चैंबरों में लगी भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख
बदायूं के कलक्ट्रेट रोड स्थित सिविल बार के सामने आज मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब अधिवक्ताओं के चैंबरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पांच चैंबर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह घटना कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र की है।चैंबरों से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।कई घंटे की कोशिशों के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक पांच चैंबर पूरी तरह जल चुके थे।इस अग्निकांड में चैंबरों में रखे जरूरी अभिलेख, मुकदमों से जुड़े अहम दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।


