भीषण गर्मी में बिजली कटौती को लेकर फूटा गुस्सा, उपभोक्ताओं ने एक्सईएन कार्यालय का किया घेराव
बदायूं जिले में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।बिसौली इलाके के भानपुर बिजलीघर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने आज बुधवार को अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समस्या समाधान की मांग उठाई।इसी तरह बिनावर में बिजली समस्या को लेकर किसानों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।दिन और रात में लगातार कटौती होने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी के बीच कई-कई घंटे बिजली गायब रहने से घरों में पेयजल संकट भी गहरा गया है, जबकि छोटे कारोबार और किसानों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।

एक्सईएन कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन:-आज बुधवार को बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और कस्बा के लोगों ने एक्सईएन कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया।सूचना मिलने पर क्राइम इंस्पेक्टर चमन गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जल्द सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

