इस्लामनगर में बंदरो के धक्के से छत से गिरे बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौंत
बदायूं।छत पर चढ़े बुजुर्ग को बंदरों ने धक्का दे दिया,जिससे वह नीचे सीसी रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी गांव का है।यहां के रहने वाले 65 वर्षीय कल्लू पुत्र लाल सहाय अपने घर की छत पर चढ़े थे।इसी दौरान वहां मौजूद बंदरों ने उन्हें घेर लिया और धक्का दे दिया।धक्का लगने से कल्लू संतुलन खो बैठे और नीचे गली में बनी सीसी रोड पर गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।हादसे के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।वहां कुछ देर तक उनका इलाज चला, लेकिन हालत बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई।
कल्लू की मौत के बाद परिवार के लोगों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि कल्लू खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि बंदरों के डर और धक्का लगने से बुजुर्ग छत से गिर गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

