भाई से विवाद के बाद अब बिल्सी में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटो चला ड्रामा
बदायूं। भाई से विवाद के बाद एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब ढाई घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों के समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई,जहां उससे पूछताछ की जा रही है।मामला बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाई का है।गांव निवासी गौरव पुरी बुधवार को अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना पर बिल्सी पुलिस भी पहुंच गई।पुलिस ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।टावर पर खड़े गौरव पुरी ने आरोप लगाया कि उसके छोटे भाई ने उसके साथ बेवजह मारपीट की है।इसी बात से आहत होकर वह टावर पर चढ़ गया।उसने पुलिस और प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग भी की।इस दौरान मौके पर मौजूद लोग लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे।करीब ढाई घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश रंग लाई और गौरव पुरी सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई।
वहीं गांव निवासी सुमित गुप्ता का कहना है कि गौरव पुरी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और इसी कारण वह टावर पर चढ़ गया था।हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। उपनिरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के दौरान टावर के आसपास काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

