टेंपो और लोडर की भीषण भिड़ंत, महिला की मौत, सात लोग घायल
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की शुरू की जांच
बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के धुबियाताल कस्बे में आज सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।यह दुर्घटना एक ऑटो और बर्फ की सिल्ली लदे टेंपो लोडर की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई।टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी अनियंत्रित होकर लोडर वाहन में जा घुसी।
बिसौली से रानेट की ओर जा रहा ऑटो जैसे ही धुबियाताल कस्बे के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे टेंपो लोडर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी|कि ऑटो में बैठी सवारियां चीखने लगीं।इसी बीच पीछे से आ रही बाइक सवार भी संतुलन खो बैठा और लोडर में जा भिड़ा।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलने पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गुड्डो को जिला अस्पताल रेफर किया गया।जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुड्डो की मौत हो गई।महिला की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है|


