पानी भरे गड्ढे में डूबकर 12 साल के बालक की मौत, ठेकेदार ने जेसीबी से खुदवाया था गड्ढा
बदायूं।मुजरिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुरसान में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया।खड़ंजा बिछाने के लिए खोदे गए आठ फीट गहरे गड्ढे में डूबकर 12 वर्षीय बालक रोहित की मौत हो गई।ग्रामीणों ने इस घटना के लिए संबंधित ठेकेदार और प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
लापरवाही का आरोप:-ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।उनका कहना है कि जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे को समय रहते बंद नहीं किया गया।बारिश के बाद गड्ढे में पानी भर जाने से यह जानलेवा बन गया था।ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने भी इस लापरवाही की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले इसी गड्ढे में एक भैंस भी गिर गई थी, जिससे उसका पैर टूट गया था।
जांच में जुटी पुलिस:-हादसे की सूचना मिलते ही मुजरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। सहसवान तहसील से नायब तहसीलदार भी जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और नायब तहसीलदार ने परिजनों तथा ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

