Amroha News-अमरोहा, । जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु की बैठक गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट अमरोहा में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं औद्योगिक संगठनों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं प्रकरणों की समीक्षा की गई।
सर्वप्रथम निवेश मित्र पोर्टल के अंतर्गत निर्धारित समय सीमा के उपरांत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जैकिट ढोलक मर्चेन्ट द्वारा सड़क बनाये जाने के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित सड़क के गड्ढे भरवाने के निर्देश दिए। मै0 सी0एल0 गुप्ता एक्सपोर्ट लि0 को मंडी शुल्क से छूट से संबंधित समाधान के लिए मंडी अधिनियम-1964 की धारा-32 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए गए। मै0 सुप्रीम पैकेजिंग इण्डस्ट्रीज की इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी छूट के संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से विद्युत सुरक्षा विभाग के मुख्यालय को पत्र प्रेषित करने के निर्देश सहायक निदेशक, विद्युत सुरक्षा विभाग, अमरोहा को दिए गए।
कॉटन वेस्ट इण्डस्ट्री द्वारा पानी/ग्राउंड वाटर प्रदूषित किए जाने के संबंध में नगर पालिका परिषद, अमरोहा को संबंधित इकाइयों की संयुक्त जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त उद्योग द्वारा बताया गया कि दिनांक 25 सितंबर 2026 से 29 सितंबर 2026 के मध्य इण्डियन एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय मेले में अधिक से अधिक निर्यातकों एवं उद्यमियों से प्रतिभाग करने की अपेक्षा की गई।
इण्डस्ट्रीयल एरिया स्थापित किए जाने हेतु 05 एकड़ तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल इम्प्लाईमेंट एण्ड इण्डस्ट्रीयल जोन की स्थापना के लिए 50 एकड़ भूमि चिन्हित करने के संबंध में जनपद के उप जिलाधिकारियों को अनुस्मारक पत्र प्रेषित करने हेतु उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए गए।
ग्राम अदलपुर, अमरोहा द्वारा कैलसा जनपद अमरोहा में अमरोहा-कैलसा-पाकबड़ा मार्ग पर कैलसा रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे फाटक संख्या-16-सी पर ऊपरगामी सेतु बनवाए जाने के संबंध में लोक निर्माण विभाग को मुख्यालय अनुस्मारक पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जीआर सॉल्वेन्टस एण्ड एलाईड इण्डस्ट्रीज लि0, ग्राम अदलपुर, अमरोहा की इकाई के कनेक्शन संख्या-1-LP/II Load 200 KVA को नियमित विद्युत आपूर्ति दिलाए जाने के संबंध में विद्युत विभाग के मुख्यालय को अनुस्मारक पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
गजरौला औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित ARSHI PLASTICS के स्वामी पर हुए जानलेवा हमला एवं लूट के प्रकरण में विवेचना किस स्तर पर विचाराधीन है, इसका विवरण पुलिस विभाग को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जनपद अमरोहा में गजरौला फूड हब में कूड़ा हटाए जाने के संबंध में जिला पंचायत को कूड़ा हटाए गए स्थल की जीपीएस फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मिनी औद्योगिक आस्थान, जोया, अमरोहा के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लि0 कानपुर से प्रस्ताव संशोधित कराने के लिए अनुस्मारक पत्र प्रेषित करने तथा जनपद अमरोहा में प्लेज पार्क योजनान्तर्गत विकसित किए जा रहे मैसर्स आरना इण्डस्ट्रीयल प्लेज पार्क की जांच हेतु जांच समिति गठित कर शीघ्र जांच कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्राप्त नवीन प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अश्वनी कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग श्री अनूप कुमार श्रीवास्तव, एलडीएम श्री उमेश प्रजापति, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अमरोहा श्री दिनेश कुमार, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा विभाग श्री राजेश पाण्डेय, अधिशासी अभियंता विद्युत गजरौला श्री नीरज यादव, अधिशासी अभियंता हायडिल श्री धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारीगण तथा जनपद के प्रमुख औद्योगिक संगठन एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

