अमरोहा ।जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव जी द्वारा राजकीय इण्टर कॉलेज में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य स्पष्ट रखें, समय का सदुपयोग करें तथा निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, डिजिटल कौशल, नवाचार तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन एवं सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं तथा कानून का सम्मान करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने पुलिस सेवा सहित विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी भी साझा की।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, समय प्रबंधन, तनाव से निपटने तथा सफलता के मूल मंत्र से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सरल और प्रेरणादायक उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
जिलाधिकारी ने मार्गदर्शन करते हुए कहा कि सबसे पहले जो जो समस्याएं होती हैं उनको फेस करना चाहिए, पढ़ाई के लिए फैमिली बैकग्राउंड, किसी भी वर्ण, जाति, धर्म नहीं देखना पड़ता है हमें अपने करियर पर फोकस करना चाहिए। उन्होंने कौरव और पांडवों को दी देने वाले गुरु द्रोणाचार्य की शिक्षा जिसमें चिड़िया की आंख को भेदना था का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा हमें सिर्फ अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप जिस भी क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहते हैं उसके लिए मैगजीन, न्यूजपेपर अवश्य पढ़ें। मोबाइल का प्रयोग नेगेटिव कंटेंट देखने के लिए न करें, मोबाईल का प्रयोग स्वयं के लिए करें जिससे आपको अपने करियर को सफल बनाने में लाभ प्राप्त हो और हमें सोच बड़ी रखना चाहिए।
छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक महोदय से पूछा कि हमें अपने करियर बनाने के लिए क्या गलती नहीं करना चाहिए, जिस पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने छात्र-छात्राओं को करियर बनाने के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, ईमानदारी, शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस तथा सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा निरंतर अभ्यास के महत्व पर विशेष बल दिया। साथ ही विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश न होकर उन्हें सीख के रूप में स्वीकार करते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने छात्र-छात्राओं को जानकारी देते हुये डायल 112 की जानकारी दी और यह भी प्रेरित किया कि अगर बाइक पर दो लोग बैठे हैं तो दोनों को हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिये और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए यह जानकारी आप अपने घर आसपास के लोगों को नियमों का पालन करने की सलाह दें। उन्होंने खान-पान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हमें ऐसी चीज खाने चाहिए जिससे प्रोटीन, विटामिन, वसा भरपूर मात्रा में मिले और टाइम टेबल के हिसाब से अपने सब्जेक्ट को सेलेक्ट करें और पढ़ाई करें।
जिलाधिकारी महोदय से छात्र-छात्राओं ने अध्ययन की बेहतर रणनीति, समय प्रबंधन तथा सफलता के लिए अपनाई जाने वाली ट्रिक्स के बारे में प्रश्न पूछे। इस पर जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि नियमित और अनुशासित अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे प्रतिदिन एक निश्चित समय-सारिणी बनाकर पढ़ाई करें, कठिन विषयों को प्राथमिकता दें तथा प्रत्येक विषय का नियमित पुनरावृत्ति (रिवीजन) करें।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें समय पर पूरा करने का प्रयास करें। मोबाइल एवं सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करें तथा एकाग्र होकर अध्ययन करें। उन्होंने बताया कि केवल अधिक समय तक पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समझकर पढ़ना, नोट्स बनाना, नियमित अभ्यास करना और समय-समय पर स्वयं का मूल्यांकन करना भी आवश्यक है। अंत में उन्होंने छात्र-छात्राओं से सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया तथा कहा कि दृढ़ संकल्प और नियमित प्रयास से हर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, प्राधानाचार्य राजकीय इण्टर कॉलेज, अध्यापकगण एवं छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।
*जिला सूचना कार्यालय, अमरोहा।*

