अमरोहा : आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री अश्विनी कुमार मिश्र की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए किसान भाइयों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। किसान दिवस में विशेष रूप से बैंकिंग सेवाओं से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। किसानों ने कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), ऋण वितरण, ऋण नवीनीकरण, बैंक शाखाओं में अनावश्यक विलंब, तकनीकी समस्याओं तथा योजनाओं का समय पर लाभ न मिलने जैसी समस्याओं से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया।
मुख्य विकास अधिकारी श्री अश्विनी कुमार मिश्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसान दिवस केवल औपचारिकता निभाने का माध्यम नहीं है, बल्कि किसानों की समस्याओं के वास्तविक समाधान का मंच है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का पूर्ण निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। कोई भी समस्या ऐसी नहीं होती जिसका समाधान न निकाला जा सके, आवश्यकता केवल सकारात्मक सोच एवं गंभीर प्रयास की है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान भाइयों से नियमित संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के उपरांत प्रस्तुत की जाने वाली निरीक्षण आख्या में स्थल निरीक्षण के स्पष्ट फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएं तथा शिकायतकर्ता की उपस्थिति एवं संतुष्टि का भी उल्लेख किया जाए, जिससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी श्री अश्विनी कुमार मिश्र ने उपस्थित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने बैंक अधिकारियों से किसानों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि, सिंचाई, विद्युत, राजस्व, गन्ना, पशुपालन एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा भी की जाए।
उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे।

