UP News-Ambedkar Nagar accident : उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुआ गांव के पास देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. दिल दहला देने वाली बात यह है कि मरने वालों में अधिकांश वे लोग थे, जो सड़क पर गिरे घायल बाइक सवारों की मदद करने के लिए वहां जमा हुए थे. जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12:00 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर तड़पने लगे. आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और उन्हें संभालने लगे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार काल बनकर आई और भीड़ को रौंदते हुए गहरे गड्ढे में जा पलटी.
अस्पताल ले जाते समय टूटी सांसें
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. अन्य 2 गंभीर घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सदरपुर भेजा गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उन्होंने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
मरने वालों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों में कार का चालक भी शामिल बताया जा रहा है. अब तक 6 लोगों की शिनाख्त हो चुकी है, जिनमें उत्तम (निवासी सेमरा, कटका), आदित्य (25 वर्ष, निवासी जैना, सम्मनपुर), छोटू उर्फ दिव्यांश (14 वर्ष, निवासी जैना, सम्मनपुर), राजू गुप्ता (32 वर्ष, निवासी सिकंदरपुर, सम्मनपुर), लालचंद (24 वर्ष, निवासी पट्टी मोईन, जलालपुर), कैफे (32 वर्ष, निवासी सैदापुर)
रंगास्वामी बचा पाएंगे अपना ‘किला’?
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. दो अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है.

