UP News : गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, 10वीं मंजिल तक फैली लपटें
By Manoj Kumar
On: April 29, 2026 11:56 AM

---Advertisement---
UP News : दिल्ली से सटे गाजियाबाद में ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी की नौवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते इसने ऊपर की मंजिलों के दो अन्य फ्लैटों को भी अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि इनका काला धुआं कई किलोमीटर दूर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी साफ नजर आ रहा था. सुबह-सुबह जब लोग अपने कामों की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक फ्लैट से धुआं निकलता देख शोर मच गया. आनन-फानन में लोग जान बचाने के लिए फ्लैटों से बाहर निकलकर नीचे खुले मैदान की ओर भागे. फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं. टावर में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई.एहतियात के तौर पर काटी गई बिजली
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और सोसाइटी प्रबंधन ने तुरंत पूरे टावर की बिजली काट दी ताकि आग को फैलने से रोका जा सके. आग इतनी भयावह थी कि लिफ्ट का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता था, ऐसे में ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग बालकनी में आकर मदद की गुहार लगाने लगे.दमकल की गाड़ियां मौके पर, बचाव कार्य जारी
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. दमकल कर्मी हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से ऊंचाई पर लगी आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं. हालांकि, अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है.आशंका जताई जा रही है कि एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह हादसा हुआ. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.रेस्क्यू ऑपरेशन और दमकल की मुस्तैदी
सोसाइटी प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मदद से टावर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पूरी क्षमता के साथ आग बुझाने में जुटी हुई हैं. प्राथमिकता टावर में फंसे हर एक व्यक्ति को सुरक्षित नीचे लाने की थी, जिसमें सफलता मिली है.
