आंवला में बोले PM मोदी..सपा के शहजादे की सरकार में लगते थे कर्फ्यू,कांग्रेस वाले मंगलसूत्र छीनने की कह रहे

आंवला में बोले PM मोदी..सपा के शहजादे की सरकार में लगते थे कर्फ्यू,कांग्रेस वाले मंगलसूत्र छीनने की कह रहे

बदायूँ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बृहस्पतिवार को आलमपुर जाफराबाद के सैनिक मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर सपा और कांग्रेस ही रही। अखिलेश यादव और राहुल गांधी का नाम लिए बगैर तंज कसे। प्रधानमंत्री ने कहा कि दो शहजादों की जोड़ी देखिए। यूपी में सपा के शहजादे की जब सरकार थी, तब यहां कर्फ्यू लगते थे। माताएं-बहने गहनें, मंगलसूत्र पहनकर खुलेआम नहीं निकलती थीं। कांग्रेस के शहजादे अब एक्सरे मशीन लगाकर मंगलसूत्र को छीनने की घोषणा कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि बदायूं और बरेली वालों को राम-राम। मुझे यहां पहुंचने में विलंब हुआ। भीषण गर्मी में आपको जो तकलीफ हुई है, उसके लिए क्षमा चाहता हूं। पीएम मोदी ने जनता से फिर एक बार मोदी सरकार का नारा लगवाया। कहा कि आपका ये प्यार ही मेरे जीवन की ऊर्जा है। विशेष रूप से माताएं-बहनें इतनी विशाल संख्या में यहां आई हैं, मोदी आपकी सेवा में जीवन का पल-पल और शरीर का कण-कण  खपाने के लिए निकला हुआ है।

Whatsapp Group join
Please Join Whatsapp Channel
Please Join Telegram channel

सरकार के कामों को गिनाया:- प्रधानमंत्री ने कहा कि जितनी मजबूत नींव, उतना ही मजबूत घर। इसी सोच के साथ आज भाजपा विकसित भारत के लिए गरीब, किसान, युवा और नारीशक्ति को सशक्त कर रही है। ये भाजपा ही है… जिसने बहनों की बिजली, नल से जल, शौचालय, सस्ते गैस कनेक्शन जैसी अनेक रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा किया है। अब 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों की जिम्मेदारी भी मोदी ने उठाने का निर्णय लिया है, अब किसी बुजुर्ग को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि दिल्ली में आपका ये बेटा मोदी बैठा है।

सीएम योगी की तारीफ की :- उन्होंने कहा कि आज यूपी की पहचान नए अवसरों के तौर पर बन रही है। सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी का भाग्य बदल रहा है। यूपी के सांसद के नाते मेरे लिए भी ये गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पहले आपके हक का पैसा भ्रष्टाचारी लूट लेते थे। आज बरेली और बदायूं के किसानों को ही पीएम किसान सम्मान निधि के 600 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। ऐसा काम तब होता है जब विकास सर्वोपरि होता है। मोदी ने कहा कि 2024 का ये चुनाव… एक हजार वर्ष की गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने का चुनाव है। ये चुनाव भारत के स्वाभिमान को नई बुलंदी देने वाला चुनाव है।
सपा-कांग्रेस पर बरसे:- उन्होंने कहा कि दस साल पहले सपा और कांग्रेस वाले कहते थे कि ये भाजपा वाले बड़ी बड़ी बातें करते हैं। राम मंदिर के नाम पर चिढ़ाते थे। गाली देते थे। आपके आशीर्वाद से रामलला का मंदिर बनवाया। तारीख और समय भी बताया और निमंत्रण भी दिया। इतना बड़ा अवसर था, फिर भी उनका अहंकार इतना था कि सपा और कांग्रेस दोनों को राम मंदिर का निमंत्रण घर जाकर दिया था, उसे ठुकरा दिया था। अगर प्राण प्रतिष्ठा निमंत्रण को स्वीकार किया तो उनका वोट बैंक नाराज हो जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी में सपा के ठेकेदार जो खुद को यदुवंशी बताते हैं, ऐसे सपा के परिवारवादी… वो भी श्रीकृष्ण की बेइज्जती करने वालों की आरती उतार रहे हैं। सपा-कांग्रेस का इंडी गठबंधन तुष्टिकरण के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। कांग्रेस का इरादा है कि ओबीसी का आरक्षण छीन कर उनके खास पसंद वालों को दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के इन इरादों पर सपा के शहजादे ने भी चुप्पी साध रखी है, यानी उनका कांग्रेस के इस इरादे पर पूरा-पूरा समर्थन है। कल से देश में एक नया नारा चर्चा में आया है, जो हम सबके लिए चिंता का नारा है। नारा है- कांग्रेस की लूट… जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी।

Leave a Comment