अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशउत्तराखंडपंजाबहरियाणाझारखण्डऑटोमोबाइलगैजेट्सखेलनौकरी और करियरमनोरंजनराशिफलव्यवसायअपराध

---Advertisement---

बदायूं में भीषण हादसा: हाईवे पर ट्रक से भिड़ी रोडवेज बस, आईटीबीपी के जवान और चालक की मौत, 32 यात्री घायल

On: October 29, 2025 7:41 PM
Follow Us:
---Advertisement---

बदायूं में भीषण हादसा: हाईवे पर ट्रक से भिड़ी रोडवेज बस, आईटीबीपी के जवान और चालक की मौत, 32 यात्री घायल

बदायूं।उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर मंगलवार रात भीषण हादसा हुआ।हाईवे पर खड़े ट्रक से रोडवेज बस की टक्कर हो गई। हादसे में आईटीबीपी जवान और बस चालक की मौत हो गई। 32 यात्री घायल हो गए।

आगरा से हल्द्धानी  जा रही फाउंड्रीनगर डिपो की रोडवेज बस मंगलवार की रात सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई।बस के पीछे चल रही कार भी अनियंत्रित होकर बस से भिड़ गई।कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित हैं। वहीं बस हादसे में आगरा के सैंया थाना क्षेत्र के पुरा महाराज निवासी बस चालक हाकिम सिंह (56) और यात्रियों में मैनपुरी जिले के घिरौर थाना क्षेत्र के गांव गोछना निवासी आईटीबीपी के जवान धर्मेंद्र कुमार (46) की मौके पर मौत हो गई।बस में सवार कुल 45 यात्रियों में से 32 को चोटें आई है। इनमें 17 की हालत गंभीर है। नौ गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज तो आठ को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।बाकी 15 अन्य जगहों पर इलाज कराकर घरों को रवाना हो गए हैं।

हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला स्थित फिलिंग स्टेशन के सामने मंगलवार रात 12:10 बजे हुआ। रोडवेज बस चालक हाकिम सिंह सड़क पर खड़े ट्रक को देख पाते, उससे पहले ही बस पीछे से उससे जा भिड़ी। हादसे के बाद बस के ठीक पीछे चल रही कार का चालक भी नियंत्रण खो बैठा। इससे कार पीछे से बस से टकरा गई। हादसे के बाद बस और कार में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई।कार सवारों को ज्यादा क्षति नहीं पहुंची है। क्षतिग्रस्त कार को मौके पर ही छोड़ तीनों सवार अपने गंतव्य को रवाना हो गए।

बस यात्रियों ने बताया कि चालक को रास्ते में कई बार झपकी आई तो उन्होंने चाय भी पी, लेकिन कछला के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे की सूचना पर सबसे पहले कछला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी पहुंचाया।बस सवार अधिकतर यात्रियों के चोटें आईं हैं।

चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल परिचालक आगरा में बत्रा कॉलोनी निवासी रामऔतार (55) पुत्र रामेश्वर, अलीगढ़ निवासी गोपाल शर्मा (62), उनकी बेटी अंजू, कमला देवी (45) पत्नी रामचंद्र, बरेली निवासी अफरीद (19) पुत्र अब्दुल, एकनाथ (55) पुत्र ब्रजराज, महाराष्ट्र में शोलापुर निवासी दीपाली (21) पुत्री दत्तात्रेय और बदायूं के सूरज सिंह (22) पुत्र सहदेव समेत नौ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।मामूली रूप से घायल यात्री दूसरी बस में सवार होकर इलाज कराने के लिए बदायूं अस्पताल चले गए। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि हादसे के बाद रात में पुलिस अफसरों ने भी मौका मुआयना किया। बताया कि करीब 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को जिला मुख्यालय भेज दिया है।

कम पड़ गईं एंबुलेंस तो आगे आए पुलिस के वाहन:-हाईवे पर हादसे के बाद रोडवेज बस में सवार यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कछला चौकी इंचार्ज कपिल कुमार समेत पुलिस कर्मियों ने कॉल कर एंबुलेंस बुलाईं। पहले एक साथ दो एंबुलेंस पहुंचीं। इसके बाद दो और एंबुलेंस बुलाई गईं। यात्रियों में खासकर महिलाओं को बदहवास देख सीओ डॉ. देवेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने पुलिस वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचवाना शुरू कर दिया।

बदायूं के एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 15 यात्रियों को हल्की चोट आई है। गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रथम दृष्टया बस चालक को झपकी आने से हादसा होने की बाद यात्रियों द्वारा बताई गई है। फिर भी जांच कराई जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी हिसाब से कार्रवाई कराई जाएगा।रिपोर्ट – जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

Aman Kumar Siddhu

He has 19 years of experience in journalism. Currently he is the Editor in Chief of Samar India Media Group. He lives in Amroha, Uttar Pradesh. For contact samarindia22@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply