उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 से 26 सितंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के आसपास सक्रिय डीप डिप्रेशन का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ने की संभावना जताई गई है।
अधिकारियों को फील्ड में उतरने का निर्देश
भारी बारिश के चलते जलभराव और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सीनियर अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के मुताबिक तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।
24 घंटे के अंदर आकलन कर दिया जाए मुआवजा
सीएम योगी ने भारी बारिश के कारण हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आकाशीय बिजली और भारी बारिश से होने वाली क्षति का 24 घंटे के भीतर आकलन कर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है।
आवश्यक संसाधन कराए जाएं उपलब्ध
सीएम योगी ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने और स्थानीय स्तर पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। भारी बारिश यूपी के कई जिलों में होने की संभावना है।
अनावश्यक रूप से घर से न निकलें बाहर
सीएम योगी ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। इसके अलावा भारी बारिश के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सरकार की ओर से प्रशासन को बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

