कहते हैं प्यार की न तो कोई उम्र होती है और न ही कोई बंधन। यह किसी को भी, किसी से भी हो सकता है। औरैया जिले के सहार विकासखंड के अरियारी गांव के 75 वर्षीय रामसुगर और औरैया की 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत की प्रेम कहानी इसी बात को सच साबित करती है। एक सप्ताह पहले दोनों की रिंग सेरेमनी हो चुकी है, और अब दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
शादी की तैयारियां दोनों परिवारों ने शुरू कर दी हैं। इस बीच हल्दी रस्म और सगाई के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर हर कोई हैरान है।
ऐसे शुरू हुई प्रेम कहानी
रानी राजपूत इंस्टाग्राम ब्लॉगर हैं और अक्सर अपने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करती रहती हैं। इसी दौरान उनकी पहचान यूट्यूबर राधा से हुई, और रानी का राधा के घर आना-जाना शुरू हो गया। राधा की मां का करीब सात साल पहले निधन हो चुका है, तब से उनके पिता रामसुगर अकेले जीवन काट रहे थे।
करीब दो साल से रानी का राधा के घर आना-जाना लगा रहा। इसी दौरान रानी का झुकाव रामसुगर की ओर हो गया, और रामसुगर भी मन ही मन रानी को चाहने लगे। एक दिन दोनों ने एक-दूसरे से दिल की बात कह दी। 75 साल के बुजुर्ग और 30 साल की महिला की यह प्रेम कहानी सुनकर हर कोई हैरान है, चारों तरफ इसी की चर्चा है।
घर वालों ने कराई सगाई
जब इस रिश्ते की खबर घर वालों को लगी, तो उन्होंने तुरंत सगाई की तैयारियां शुरू करा दीं। एक सप्ताह पहले दोनों की रिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। दोनों ने जल्द ही शादी करने की बात कही है।
क्या बोले बुजुर्ग रामसुगर
रामसुगर ने बताया कि रानी का करीब दो साल से उनके घर आना-जाना था, इसी दौरान नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया। उनकी बेटी राधा भी यूट्यूबर हैं — राधा ने बताया कि वह और रानी साथ में वीडियो शूट करती थीं, और इसी बीच रानी और उनके पिता के बीच प्रेम संबंध गहरा हो गया। राधा के मुताबिक, अब उनके पिता और रानी ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया है। सगाई के बाद अब शादी की तैयारियां चल रही हैं, जो पूरे रीति-रिवाज के साथ होगी।
ब्यूटी पार्लर में हुई रिंग सेरेमनी
रामसुगर और रानी की सगाई के लिए ब्यूटी पार्लर को खास तौर पर सजाया गया था, वहीं रिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ। इसमें दोनों परिवारों के लोगों ने हिस्सा लिया। वायरल वीडियो में बुजुर्ग की बेटी पिता की सगाई को लेकर काफी उत्साहित दिख रही है, वहीं दुल्हन रानी के चेहरे पर भी खुशी साफ नजर आ रही है। फिलहाल इस रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया से लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इंस्टाग्राम पर बदला नाम
सगाई के बाद रानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट का नाम बदलकर “राधा की मम्मी” रख दिया है। रानी के इंस्टाग्राम पर करीब 7270 फॉलोअर्स हैं, और वह केवल 238 लोगों को फॉलो करती हैं। राधा के जरिए ही रानी की रामसुगर से जान-पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
यह भी पढ़ें: बैलगाड़ी पर बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, वायरल वीडियो और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: गरीब बेटियों की शादी के लिए सरकार की मदद

