राजकीय गंगा मेला तिगरी-2026 में भक्ति, संस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम, भागवत कथा प्रवचन से लेकर बॉलीवुड गायकों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
**गंगा आरती एवं दीपदान में श्रद्धालुओं ने लिया भाग, क्रेजीहॉपर्स और प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक**
**अमरोहा, 21 नवम्बर 2026 राजकीय गंगा मेला तिगरी-2026 में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन से भरपूर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दिन में भागवत कथा पर आधारित प्रवचन एवं व्याख्यान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, वहीं शाम को गंगा तट पर गंगा आरती एवं दीपदान के पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।
दोपहर 01 बजे से 04 बजे तक आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में द आर्यन, जोया, इण्डन कॉन्वेंट स्कूल गहरोट, अमरोहा, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल तथा शान्ति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, मण्डी धनौरा के प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही भागवत कथा पर आधारित प्रवचन एवं व्याख्यान के माध्यम से धार्मिक एवं आध्यात्मिक संदेश दिया गया।

सायंकाल 05:30 बजे से 06:30 बजे तक गंगा तट पर गंगा आरती एवं दीपदान का आयोजन किया गया। इस दौरान गंगा तट का वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके उपरांत सांस्कृतिक संध्या में क्रेजीहॉपर्स (इंडियाज गॉट टैलेंट), प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक कुलदीप चौहान, गायक जतिन निगम तथा एंकर दिव्यांशी गौटी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। ऐश्वर्या वर्मा द्वारा शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री लखन सिंह यादव भी मेला परिसर पहुंचे और कार्यक्रम में सहभागिता की।
……….

