समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा/हसनपुर। आज दिनांक 8 अगस्त (शनिवार) हसनपुर पुलिस ने इनवर्टर-बैटरी की दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए मुरादाबाद के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 47,090 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 31 जुलाई को हसनपुर-संभल बस स्टैंड चौराहे स्थित इनवर्टर-बैटरी की दुकान के स्वामी नफीस पुत्र लतीफ, निवासी उझारी (थाना सैद नगली), नमाज पढ़ने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर दुकान का शटर उठाकर गल्ले से 97 हजार रुपये चोरी कर ले रफू चक्कर हो गए थे।
पीड़ित की तहरीर पर हसनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम खुलासे के लिए लगातार मेहनत कर रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों कासिम पुत्र खलील अहमद, अमन पुत्र अब्दुल जब्बार और अयान पुत्र इस्तेकार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी थाना पाकबड़ा, मुरादाबाद के नई बस्ती, कैलसा रोड, कसाई वाली गली के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की रकम में से कुछ रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि शेष रकम कब्रिस्तान में छिपा दी थी। शनिवार को वे रकम निकालकर आपस में बांटने और मुरादाबाद भागने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
एसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध हसनपुर एवं मुरादाबाद में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकुर मलिक, हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार तथा कांस्टेबल अंकित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

