समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा):- चौधरी टी. आर. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में भक्तिमय वातावरण में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव नन्हे-मुन्ने राधा-कृष्ण बने आकर्षण का केंद्र, कृष्ण जन्म लीला, नृत्य एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम ने मन मोहा चौधरी टी. आर. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, हसनपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास, उमंग एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं एवं भारतीय संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी राधा एवं कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजे नजर आए, जिससे पूरा विद्यालय परिसर वृंदावन की सुंदर छटा से सराबोर हो उठा।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण जन्म की कारागार लीला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही “राधा गोरी गोरी” सहित विभिन्न रंगारंग नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं रोमांचक क्षण माखन-मिश्री से कान्हा जी का भोग एवं मटकी फोड़ समारोह रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ मटकी फोड़ कार्यक्रम में सहभागिता की और विद्यालय परिसर “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती इंदिरेश देवी जी, प्रधानाचार्य श्री वरुण मोहन, हेडमिस्ट्रेस श्रीमती शिखा गुप्ता, कोऑर्डिनेटर श्रीमती सोना सिंह जी, श्री अमन प्रिंस जी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री वरुण मोहन ने कहा कि, ‘भारतीय पर्व एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं।
” विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती इंदिरेश देवी जी ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्टाफ को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में भारतीय संस्कार, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का विकास करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ का विशेष योगदान रहा। हर्ष, उल्लास और भक्तिभाव से परिपूर्ण यह जन्माष्टमी समारोह विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के लिए एक यादगार अवसर बन गया।

