समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
Amroha News-अमरोहा (हसनपुर)- तहसील के गंगेश्वरी ब्लॉक के रुखालू गांव में खराब रास्ते की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। गांव के करीब 15 से 20 घरों के सामने पिछले पांच साल से दो से तीन फीट तक कीचड़ और पानी भरा हुआ है।
बुधवार को भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष अजब सिंह एडवोकेट की अगुवाई में ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता खराब होने से घरों से निकलना मुश्किल है। करीब 30 से 40 बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बच्चे कीचड़ और नालों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
पांच साल से कीचड़ और पानी की समस्या
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब 15 से 20 घरों के सामने रास्ते पर लंबे समय से जलभराव है। बारिश या पानी जमा होने के बाद यहां दो से तीन फीट तक कीचड़ हो जाता है। इससे प्रभावित परिवारों को रोजमर्रा के काम के लिए घरों से बाहर निकलने में परेशानी होती है।
कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाते हैं बच्चे
ग्रामीणों ने बताया कि प्रभावित परिवारों के करीब 30 से 40 बच्चे रोज इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। उनका कहना है कि कई बार बच्चे रास्ते में बने नालों और कीचड़ में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, यदि समय पर आसपास के लोग मदद के लिए नहीं पहुंचते तो किसी बच्चे के साथ गंभीर हादसा हो सकता था।समाधान नहीं हुआ तो धरना देने की चेतावनी
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से रास्ते का जल्द निर्माण या मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने गांव छोड़कर दूसरे स्थान पर जाने तक की चेतावनी दी है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे तहसील कार्यालय
ज्ञापन देने वालों में देवेंद्र बैंसला, सत्येंद्र प्रधान, मोनू शहवाजपुरिया, वीरेंद्र सिंह, कमलेश, चंद्रभान, रवि, रूपचंद, जसपाल, गजराज, हुकम सिंह और जगराम सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

