समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर। अमरोहा जनपद के हसनपुर नगर स्थित गोकुलधाम कॉलोनी के लोगों ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद हसनपुर पहुंचकर पालिका अध्यक्ष राजपाल सैनी को ज्ञापन सौंपा।
कॉलोनीवासियों ने सड़क निर्माण, जलभराव और साफ-सफाई समेत मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। कॉलोनीवासियों ने बताया कि गोकुलधाम कॉलोनी को बसे हुए लगभग 12 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां आज भी मूलभूत सुविधाओं का पर्याप्त विकास नहीं हो सका है। सबसे बड़ी समस्या सड़क की बदहाल स्थिति और जलभराव की है।
बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा हो जाता है।कॉलोनी में एक मंदिर भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। लोगों का कहना है कि मंदिर से मुख्य मार्ग तक सड़क की स्थिति खराब होने के कारण श्रद्धालुओं को गंदे पानी और कीचड़ से होकर मंदिर पहुंचने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानियों लोगो का आरोप है कि वह कई बार नगर पालिका के अधिकारियों को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। न तो मंदिर तक जाने वाले मार्ग का निर्माण कराया गया और न ही नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था हो सकी।
ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने मंदिर से मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क का निर्माण कराने, जलभराव की समस्या दूर करने तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कराया तो वह अनशन पर बैठने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।ज्ञापन देने वालों में कुलदीप पोसवाल, लोकेश चौहान, देवेंद्र बैसला, प्रदीप कुमार, विजय, मेघराज सिंह, नन्हे सिंह और पूजा चौधरी समेत अन्य कॉलोनी वासी मौजूद रहे।

