थाना बिनावर क्षेत्र में धर्मस्थल पर राम-राम लिखे जाने से मचा विवाद, पुलिस ने किया समाधान; जानें पूरा मामला
बदायूं।थाना बिनावर क्षेत्र के गांव रंझौरा में स्थित धर्मस्थल पर बृहस्पतिवार को उस समय वाद खड़ा हो गया जब फर्श पर जगह-जगह राम-राम लिखा पाया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर स्थिति को सामान्य बना दिया।

गांव रंझौरा के दक्षिण दिशा में करीब आधा किलोमीटर दूरी पर स्थित इस धर्मस्थल के परिसर में मुस्लिम समुदाय की मजार और हिंदू समुदाय का देवस्थान दोनों मौजूद हैं।यह स्थल स्थानीय लोगों में छौकर बाबा के नाम से प्रसिद्ध है, जहां एक ओर शिव पूजा होती है तो दूसरी ओर इबादत भी की जाती है।
मजार और देवस्थान की साफ-सफाई और देखरेख गांव के ही अजय पाल बीते करीब 20 वर्षों से कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अजय पाल मानसिक बीमार हैं। बताया जाता है कि अजय पाल ने ही सेवा भाव में मजार और देवस्थान के पास फर्श पर पेंट से जगह-जगह राम-राम लिख दिया था।
मौके पर पहुंचे सीओ और थाना प्रभारी:-गांव अहरुइया निवासी अखिलेश जब पूजा-अर्चना करने वहां पहुंचे तो उन्होंने फर्श पर लिखे राम-राम को देखा और इसकी जानकारी अपने गांव व रंझौरा के लोगों को दी, रोष फैल गया। मामला पुलिस तक पहुंचा। सूचना पाकर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल फर्श पर लिखे राम-राम पर पेंट करा दिया।
सीओ सिटी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।ग्रामीणों ने बताया कि इस साझा धर्मस्थल की देखरेख और पूजा-अर्चना, इबादत का कार्य वर्षों से बिना विवाद चल रहा है।अजय पाल यहां लगातार सेवा करते हैं और दोनों समुदाय के लोग छौकर बाबा के नाम से इस स्थल को मानते हैं।
रिपोर्ट – जयकिशन सैनी (समर इंडिया)
Related