मिशन सेफ फ्यूचर 3.0′ का हंटर: खनन में लगे 8 ओवरलोड वाहन सीज, 3 लाख जुर्माना
बदायूं। शासन एवं जिलाधिकारी बदायूँ के निर्देश पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त अभियान चलाया। मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत 14 सितंबर से 19 सितंबर तक चलाए गए 6 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में विभाग की टीमों ने जिले भर में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 30 स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की गई। मानक पूरे न करने, फिटनेस, परमिट, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर 05 स्कूली वाहनों के चालान/बंद की कार्रवाई की गई।इसके साथ ही एआरटीओ हरिओम के नेतृत्व में ओवरलोड माल वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।खनन में संलिप्त पाए गए 08 ओवरलोड वाहनों को थाना बिसौली और उपसंभागीय परिवहन कार्यालय बदायूँ में सीज किया गया।इन वाहनों से लगभग 3 लाख रुपये जुर्माने के रूप में सरकारी खाते में जमा कराए गए।सड़क सुरक्षा के मद्देनजर विभाग ने बिना सीट बेल्ट,बिना हेलमेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर भी शिकंजा कसा।ऐसे 38 दोपहिया और चार पहिया वाहनों के चालान किए गए।परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें,वाहनों के सभी प्रपत्र पूर्ण रखें, ओवरलोडिंग न करें और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। सड़क सुरक्षा में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस का सहयोग करें।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी


